अछल्दा: नहर बाजार पर चढ़ने लगा होली का रंग, सजी दुकानें

अछल्दा, विकास गुप्ता संवाददाता।24 मार्च को होली और 25 को दुल्हैंडी का त्योहार है। जिसे देखते हुए बाजार में होली के रंग बिखरने लगे हैं। खरीदारी को लेकर बाजारों में चहल-पहल बढ़ गई है। दुकानों पर एक से बढ़कर एक नए-नए उत्पाद उपलब्ध है। वहीं, बच्चों के लिए सुंदर-सुंदर पिचकारियों की डिमांड भी कुछ कम नहीं है।
कुछ दिन बाद होली है। जिसे लेकर तैयारियों का दौर शुरू हो गया है। घरों में विशेष तैयारियां चलने लगी हैं तो बाजार में होली का रंग चढ़ने लगा है। इस बार बाजार में विभिन्न प्रकार के आइटम उपलब्ध हैं। नए तरह की पिचकारी, फायर सिलिंडर, पटाखे की तरह चलने वाला गुलाल इस बार लोगों को अधिक आकर्षित कर रहा है।
सत्यम पोरवाल ने बताया कि पहले लाल रंग का गुलाल ज्यादा बिकता था। अब केसरिया रंग की बिक्री अधिक है। इसके अलावा केसरिया रंग की टोपी, विभिन्न जानवरों के मुखौटे बाजार में उपलब्ध हैं। वहीं, बच्चों में भी होली का उत्साह देखा जा रहा है। बच्चे पिचकारी व मुखौटे लेने पहुंच रहे हैं।